वृंदावन (मथुरा)। श्रीबांकेबिहारी मंदिर से जुड़ने वाली 22 गलियों के सौंदर्यीकरण की योजना अब डेढ़ माह में पूरी होगी। इसके लिए बुधवार को निर्माण एजेंसी को सख्त हिदायत कार्यदायी संस्था द्वारा दी गई है। इसमें 31 दिसंबर तक काम हर हाल में पूरा करने के लिए कहा गया है। इस योजना पर 26.91 करोड़ की धनराशि खर्च हुई है।
विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित प्रो-पुअर स्कीम के अंतर्गत श्रीबांकेबिहारी मंदिर के आसपास 22 गलियों के सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है। इस योजना का काम निर्धारित समय पर पूरा न होने के कारण कई बार समय अवधि बढ़ाई गई है। इसकी बुधवार को एक बार फिर मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता धीरेंद्र वाजपेयी ने समीक्षा की। इस दौरान अवगत कराया गया कि अब तक 65 से 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसमें 15 गलियां शामिल हैं, जो 6.7 किलोमीटर के दायरे में आती हैं। जबकि योजना के अंतर्गत 22 गलियों की पूर्ण लंबाई 9.6 किलोमीटर है।
अब इस अवशेष कार्य को 31 दिसंबर 2020 तक पूरा करना है। इस दौरान स्थानीय स्तर पर सामने आ रही कुछ समस्याओं को भी अधीक्षण अभियंता के समक्ष रखा गया। कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश धीरेंद्र वाजपेयी ने दिए। यह भी कहा कि जहां भी किसी कारण टाइल्स उखड़ रही हैं, उन्हें तत्काल सही कर दिया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान धीरेंद्र वाजपेयी, अवर अभियंता सुनील अग्रवाल, विमल कोहली, अवर अभियंता जल निगम केपी सिंह और ठेकेदार रामअवतार गुप्ता मौजूद रहे।