वृंदावन। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के शिलान्यास की प्रथम वर्षगांठ पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आनंद वाटिका कॉलोनी में श्रीकृष्ण जन्मभूमि निर्माण न्यास के तत्वावधान में पौधरोपण किया गया। धर्म रक्षा संघ एवं सन्यासी परिषद के तत्वावधान में गोष्ठी भी हुई।
बृहस्पतिवार को आनंद वाटिका में श्रीकृष्ण जन्मभूमि निर्माण न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य देवमुरारी बापू ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि की शिलान्यास के दिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए न्यास से जुड़े पदाधिकारियों ने पौधरोपण किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या विवाद समझौता समिति के बतौर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में हिंदू और मुसलमानों को जोड़कर कार्य किया। उसी तरह मथुरा में भव्य श्री कृष्ण मंदिर बने। राधेश्याम परमार आदि मौजूद रहे।
इसके अलावा धर्म रक्षा संघ एवं संयासी परिषद के तत्वावधान में धर्म गोष्ठी का आयोजन अखंड दया धाम, कालीदह में महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज की अध्यक्षता में किया गया। श्री राम मंदिर वृंदावन के पीठाधीश्वर स्वामी रघुनाथ दास महाराज ने कहा कि अयोध्या में निर्मित होने वाला भव्यमंदिर सैकड़ों वर्षों की तपस्या, संघर्ष और लाखों राम भक्तों के बलिदान का फल है। राम मंदिर निर्माण से हिंदुओं के गौरव का नव निर्माण सुनिश्चित हुआ है।
स्वामी डॉ.आदित्यानंद महाराज ने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है उसी प्रकार भगवान श्रीकृष्ण का भी मंदिर निर्माण हो। आचार्य बद्रीश ने कहा कि श्री राम के मंदिर के लिए ब्रज की रज, कुंड और यमुना का जल भेजा वह बृज की माटी की सुगंध अयोध्या में फैलाता रहेगा। इस मौके पर संघ के मार्गदर्शक महंत मोहिनी बिहारी शरण, संघ के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीदास प्रजापति, गोपेश गोस्वामी, रविकांत गौतम, रामविलास चतुर्वेदी,बृजकिशोर पचौरी, महंत सत्यदेव दास, महंत रामचंद्र दास, स्वामी रामदास, भुवनेश्वर शर्मा आदि उपस्थित थे।
------