चौमुहां। गांव जैत के प्रधान ने पंचायत सचिव पर गुमराह कर पंचायत निधि से 21 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। प्रधान ने इसकी शिकायत डीएम, सीडीओ, डीपीआरओ तथा ऊर्जा मंत्री से की है।
प्रधान पति संजय सिंह ने बताया कि गांव जैत के पंचायत सचिव ने 27 अक्तूबर को प्रधान ममता देवी को गुमराह कर उनका डोंगल चालू कराने के बहाने से लिया। बिना कोई काम कराए श्रीनाथ बिल्डिंग मैटेरियल नवादा के खाते में पंचायत निधि के 2 लाख 13 हजार 20 रुपये ट्रांसफर कर दिए। प्रधान ने जब पंचायत सचिव से रुपये निकाले जाने की जानकारी मांगी तो सचिव ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि ये अधिकार पंचायत सचिव का है, आपको इससे कोई मतलब नहीं है।
सचिव के बिना काम कराए रुपये निकालने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने उन्होंने अधिकारियों से पंचायत सचिव के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से होकर गुजरने वाले पुराने जीटी रोड को बना हुआ दिखा कर सचिव ने बिना प्रधान की अनुमति लिए 27 लाख रुपये का गबन किया है। यह रोड पीडब्ल्यूडी के कार्य क्षेत्र में आता है।
जब पंचायत सचिव ज्वाला सिंह को अपने खिलाफ हुई शिकायत की जानकारी हुई तो उन्होंने आनन-फानन में देर रात रोड को बनवाने के लिए एक ट्रक गिट्टी और इंटरलॉकिंग ईंटें सड़क किनारे डलवा दी। इस संबंध में पंचायत सचिव से बात करनी चाही तो उनसे बात नहीं हो सकी।