मथुरा। गोवर्धन रेलवे स्टेशन के निकट मंगलवार सुबह महिला ने मालगाड़ी से कटकर जान दे दी। महिला ने आत्महत्या करने से पूर्व दस वर्ष के बच्चे को मौके से भगा दिया। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
सुबह करीब दस बजे गोवर्धन रेलवे स्टेशन के आउटर और नीमगांव वाले फाटक के बीच 30 वर्षीय महिला दस वर्ष के बच्चे के साथ आई। आसपास के लोगों ने जीआरपी को बताया कि महिला बार-बार बच्चे को पीट रही थी और भाग जाने को कह रही थी, जैसे ही बच्चा वहां से गया, महिला ने मालगाड़ी के आते ही नीचे लेट गई।
जीआरपी के वरिष्ठ उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह वैनेया पहुंच गए और महिला की शिनाख्त के प्रयास किए। उपनिरीक्षक ने बताया कि मृतका ने नीली पाजामी और पीली कुर्ती पहनी हुई थी। उसके कानों में पीली धातु की बालियां, नाक में पीली धातु की मछली वाली नथनी, हाथ में पीली धातु की अंगूठी पेरों में सफेद धातु की पाजेब और पैरों की तीन उंगलियों में सफेद धातु के बिछिया थे। मृतका के हाथ की कलाई पर प्रेमवती और ओम गुदा हुआ है। तलाशी में उसके पास से 180 रुपये भी मिले।