मथुरा। ब्रजरज उत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा करते डीएम-एसएसपी।
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद यमुना स्थित विश्रामघाट पर लेजर शो का प्रदर्शन करने जा रहा है। यह शो 10 नवंबर से शुरू हो रहे ब्रज रज उत्सव के दौरान देखने को मिलेगा। इसके लिए शुक्रवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने विश्राम घाट का निरीक्षण किया।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद इस बार 10 दिवसीय ब्रज रज उत्सव का आयोजन मथुरा सहित जनपद भर के तीर्थ स्थलों पर करने जा रहा है। इसमें मुख्य आयोजन वृंदावन स्थित कुंभ क्षेत्र में होंगे। इसी प्रक्रिया में लेजर शो मथुरा में यमुना के विश्राम घाट पर कराए जाने का फैसला किया गया है।
यह शो 10 से 19 नवंबर तक होगा। इसके लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा और विकास प्राधिकरण के ओएसडी क्रांतिशेखर सिंह ने विश्रामघाट का निरीक्षण किया। यहां लेजर शो की आवश्यकताओं को देखा। परिषद के डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा ने बताया कि लेजर शो की थीम धार्मिक है। जिनका अलग-अलग प्रदर्शन अलग-अलग दिन किया जाएगा।