वृंदावन (मथुरा)। कोरोना के मरीजों में एक बार फिर हो रहे इजाफे ने वृंदावन को सतर्क कर दिया है। खासकर मंदिर प्रबंधन चौकन्ना हो गया है। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया को फिर से शुरू कर दिया गया है। दर्शन की लाइन में लगे भक्तों को मॉस्क पहनकर आने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
कोरोना की शुरू हुई दूसरी लहर ने एक बार फिर वृंदावनवासियों को चिंता में डाल दिया है। इसका बड़ा कारण जनपद में सामने आ रहे पॉजिटिव केसों में सबसे बड़ी संख्या वृंदावन की है। इसमें वृंदावन की पॉश कॉलोनियों में रह रहे लोगों के साथ मंदिर, आश्रम भी अछूते नहीं रहे हैं। यहां तक कि एक मंदिर के सेवायत भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। कोरोना पॉजिटिव की सूची में विधवा माताओं की संख्या में पिछले आठ दिन के दौरान तेजी से इजाफा हुआ है।
इसे देखते हुए श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन सतर्क हो गया है। कुछ दिन से बंद हो गई सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया फिर शुरू कर दी गई है। मंदिर में प्रवेश करने वालों को फव्वारों के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इसके साथ ही मंदिर की ओर से भक्तों को दो गज की दूरी और मॉस्क पहनकर आने का आग्रह किया जा रहा है। प्रेम मंदिर में भी यह सतर्कता देखने को मिल रही है। मंदिर के सुरक्षाकर्मी इसे लेकर काफी सतर्क हैं।