मथुरा। निर्माणाधीन मकान का झीना गिरने से नीचे दबकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। हाईवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के बेटे ने मकान स्वामी के खिलाफ तहरीर थाना हाईवे में दी है।
थाना हाईवे के गांव गोविंदपुर निवासी जगदीश (50) पुत्र बेनीराम पेशे से राजमिस्त्री थे। शनिवार की सुबह 8:30 बजे राजमिस्त्री पुष्पाजंलि के पास वसंत विहार कॉलोनी में काम के लिए निकले। कॉलोनी में पहुंचकर निर्माणाधीन मकान में काम के लिए जुटे। इसी बीच झीना गिर गया, उसके नीचे राजमिस्त्री दब गया। घर में अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पुलिस ने दबे राजमिस्त्री को निकालकर माहेश्वरी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे दीपक ने मकान स्वामी के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि समझौता नहीं हुआ तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।