टाउनशिप (मथुरा)। थाना सिकंदरा क्षेत्र के गांव लखनपुर से खेरिया गांव में बाइक से भैयादूज के लिए जा रहे दंपती की बाइक को गांव बरारी के निकट हाईवे पर कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
रिफाइनरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मां-बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार दोपहर को आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी ज्ञान सिंह पत्नी बवीता (28) व बेटा शुभम (4) के साथ बाइक से ससुराल थाना रिफाइनरी क्षेत्र के गांव खेरिया में भैयादूज के लिए जा रहे थे। बरारी के निकट बाइक में पीछे से कैंटर ने टक्कर मार दी।
बाइक में टक्कर लगते ही पत्नी व बेटा कैंटर के पहिये के नीचे आकर कुचल गए। हादसे में मां-बेटा की मौके पर ही मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध रिफाइनरी थाना प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने बताया कि चालक कैंटर को छोड़कर भाग गया है।