गोवर्धन (मथुरा)। कस्बे में सरस्वती तिराहे पर स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा ले रहे एक युवक पर बाइक सवार ने तमंचे से फायर कर दिया। युवक बाल-बाल बच गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने थाना गोवर्धन में तहरीर दी है।
पवन बिहारी निवासी प्रोहित पायसा गोवर्धन जिम से लौटते समय दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर रुका। तभी बाइक सवार दो युवक उसके निकट से निकले। पीछे बैठे युवक ने उस पर गोली चला दी।
आरोपी नीमगांव की ओर भाग गए। लोगों ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले तो बाइक सवार युवक गोली चलाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित पवन बिहारी ने सीसीटीवी फुटेज थाना गोवर्धन में दिखाए। अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष रविंद्र बाबू ने बताया कि मामला गंभीर है, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।