दीपोत्सव मेले में जिन्न स्वरूप में घूमते कलाकार से बात करते लोग।
मथुरा। रामलीला ग्राउंड में लगे दिवाली मेला लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसमें दीपक से लेकर साजो सामान की दुकानें लोगों को भा रही हैं। लोग इन दुकानों से सामान की खरीदारी करने में जुटे हैं। मेला विशेष रूप से बच्चों और महिलाओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। खास बात यह है कि मेला में परिवार के साथ आइए, खाइए-पीजिए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाने की मौका मिल रहा है। मेला में शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
निगम द्वारा लगाया गया दिवाली मेले में त्योहार के मौके पर घरों में जरूरत के सभी सामान एक ही स्थान पर मिल रहे हैं। दीपक से लेकर सजावट में प्रयोग होने वाली बिजली से चलने वाली झालर, लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा व घरों को सजाने में प्रयोग होने वाले आर्टिफिशियल फूल यहां तक कि गोपाल जी की पोशाक भी मेले में मिल रही है। मेले में सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा दी जा रही प्रस्तुति है।
मंच पर अलग-अलग विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर लोगों को सीख देने वाले नाटकों का मंचन किया जा रहा है। शनिवार को सायं ५:३० से ७:३० बजे तक सूफी बैंड जुगनी की प्रस्तुति होगी।
वहीं, मेले में नगरीय क्षेत्र के ज्यादातर विद्यालयोें के छात्रों द्वारा प्रस्तुति दी जा रही है। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र-छात्राओं को मेले का भ्रमण भी कराया जा रहा है।