मथुरा। यूरिया, डीएपी के साथ किसानों को जबरन अन्य उत्पाद देने, कालाबाजारी, ओवर रेटिंग, जमाखोरी पर उर्वरक विक्रेताओं पर कार्रवाई होगी। जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को पत्र भेजकर उन्हें निर्देश दिए।
जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने बताया कि फसल में अब उर्वरक की जरूरत पड़ने लगी है। ऐसे में किसानों से जानकारी मिली है कि उर्वरक विक्रेता किसानों को जबरदस्ती अन्य उत्पाद देने का दबाव बनाते हैं। अगर संबंधित दुकानदार की जानकारी मिलती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित दरों पर ही उर्वरक की बिक्री की जाए। अगर कालाबाजारी का मामला सामने आता है तो लाइसेंस निरस्त करने के साथ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
दुकानों से पक्का बिल लें किसान-
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि समस्त किसान उर्वरक लेने पर दुकानदार से पक्का बिल अवश्य लें। यदि कोई विक्रेता यूरिया, डीएपी, एनपीके कांप्लेक्स के साथ कोई अन्य उत्पाद खरीदने के लिए दबाव बनाता है तो इसकी सूचना जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर दें।