गोवर्धन के जतीपुरा स्थित मंदिर श्रीगिर्राजजी मुखारबिंद के रिसीवर का दायित्व संभाल रहे गोवर्धन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी टीएन चौबे से एसडीएम गोवर्धन ने स्पष्टीकरण तलब कर लिया है। इसमें मंदिर से हो रही आय और उसके खर्च का ब्यौरा देेने में की गई लापरवाही और अनियमितता के लिए जवाब मांगा है।
गौरतलब रहे कि मंदिर मुखारबिंद जतीपुरा के सेवायतों के मध्य आने वाले चढ़ावे को लेकर विवाद है। इस पर कोर्ट के आदेशानुसार एसडीएम गोवर्धन ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को रिसीवर नियुक्त करते हुए संपूर्ण व्यवस्थाओं का दायित्व सौंपा था। ईओ की जिम्मेदारी है कि वे मंदिर पर चढ़ावा के रूप में आने वाले रुपये का हिसाब रखते हुए संबंधित पक्षों के बीच बंटवारा करेंगे। माह की प्रत्येक पांच तारीख से 25 तक आय-व्यय का ब्यौरा न्यायालय को प्रस्तुत करेंगे।
देखने में आया कि ईओ टीएन चौबे ने मई माह के पाक्षिक आय-व्यय का ब्यौरा साढे़ तीन माह बाद बैक डेट मेें प्रस्तुत किया है। एसडीएम गोवर्धन एमपी सिंह ने इसे न्यायालय के आदेश की अवहेलना के साथ वित्तीय अनियमितता माना है। क्षेत्रीय लोगों ने भी रिसीवर ईओ टीएन चौबे पर मंदिर से प्राप्त हो रहे चढ़ावे के खर्च को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की है। आरोप है कि इन्होंने व्यवस्थाओं के नाम पर मंदिर की मोटी रकम ठिकाने लगा दी है।