मथुरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित अनुदानित शिक्षण संस्थाओं में अब एक बार फिर रिटायर्ड शिक्षकों को शिक्षण का मौका मिलने जा रहा है। राज्य सरकार के दिशा निर्देश के तहत वर्तमान शैक्षिक सत्र में ऐसे शिक्षकों की तलाश शुरू हो गई है।
जनपद में 540 माध्यमिक शिक्षण संस्थाएं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित हैं। इसमें 93 अनुदानित कॉलेज शामिल हैं, जिसमें तीन अल्पसंख्यक श्रेणी के हैं। इसमें भी अधिकांश में सहायक अध्यापक और प्रवक्ता के पद बड़ी संख्या में रिक्त हैं। शिक्षकों की कमी को देखते हुए सरकार ने इस कमी को पूरा करने के लिए रिटायर्ड शिक्षकों को फिर से सेवा में लेने का फैसला किया है।
इसके तहत रिटायर्ड हो चुके शिक्षकों से अनुदानित शिक्षण संस्थाओं में पढ़ाए जाने के लिए आवेदन मांगे हैं। जिलाविद्यालय निरीक्षक की सूचनानुसार सहायक अध्यापक के पद पर रिटायर्ड शिक्षक को 15 हजार रुपये और प्रवक्ता के पद से रिटायर्ड शिक्षक को 20 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। रिटायर्ड शिक्षकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 साल निर्धारित की गई है।