दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
गांव लोहागढ़ी में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए महिला के पति सहित पांच ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं ससुरालीजनों का कहना है कि मौत सर्पदंश से हुई है।
थाना जमुनापार के गांव शाहपुर गोसना निवासी सुखबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी गीता की शादी वर्ष 2000 में लोहागढ़ी निवासी अशोक कुमार हाल निवासी जनकपुरी महोली रोड मथुरा के साथ कराई थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए उनकी बेटी का उत्पीड़न किया जा रहा था।
रविवार को ससुरालीजनों ने बेटी गीता को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी। बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसकी सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मांट थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में ले लिया। मृतका के पति अशोक कुमार को हिरासत में ले लिया।
मृतका के पिता ने महिला के पति के अलावा ससुर विजय सिंह, सास सरोज, देवर मनोज और ननद शैलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि थाने में बैठे आरोपी अशोक कुमार का कहना है कि उनकी पत्नी गीता की मौत सर्पदंश से हुई है।