दो सराफा की हत्या में बाहर के भी दो बदमाश थे, लेकिन पुलिस अभी तक यह साफ नहीं कर पाई है कि वह कहां के हैं। अपने रिकार्ड में भी कहीं नहीं दिखाया है। सराफा हत्याकांड का जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है उसमें पांच बदमाश साफ नजर आ रहे हैं। एक बदमाश असलाह लेकर बाहर घूम रहा है। पुलिस ने भी छह बदमाश ही गिरफ्तार किए हैं लेकिन दो
बदमाशों को पुलिस बचा रही है। शनिवार को पुलिस लाइन में गिरफ्तार बदमाश आयुष ने बताया था कि इस घटना में दो बदमाश बाहर के भी थे, लेकिन पुलिस बाहर के बदमाश होने से ही इंकार कर रही है। आयुष और नीरज ने तो दोनों के नाम तक बता दिए थे। एसएसपी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि जो भी बदमाश हैं सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
स्वाट टीम को भंग किया
एसएसपी विनोद कुमार मिश्र ने स्वाट टीम को भंग कर दिया है। अब हरवेंद्र मिश्रा को नया इंचार्ज बनाया गया है। स्वाट टीम में कांस्टेबलों की तैनाती भी नए सिरे से की जाएगी। इसके अलावा प्रदीप कुमार को सर्विलांस टीम का प्रभारी बना दिया है। अब दोनों टीमें संयुक्त रूप से काम करेंगी।
इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी हुए बहाल
मथुरा। सराफा डबल मर्डर एवं चार करोड़ की लूटपाट में निलंबित कोतवाली प्रभारी सुरेंद्रपाल सिंह, होलीगेट चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार, सिपाही अनिल कुमार एवं नरेंद्र कुमार को बहाल कर दिया है। एसएसपी विनोद कुमार मिश्र ने एसआई प्रदीप कुमार को सर्विलांस की जिम्मेदारी सौंपी है। एसआई हरवेंद्र एवं प्रदीप कुमार ने छाता में तेल से भरा ट्रक लूट के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।