ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दो दिन पहले दर्शन करने आए सैनिक और सिपाही के बीच मारपीट के बाद सोमवार शाम एक साध्वी ने बांकेबिहारी पुलिस चौकी इंचार्ज के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। मामले में चौकी इंचार्ज ने मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी है।
बताया गया है कि किशोरपुरा निवासी साध्वी मालतीदेवी ईरिक्शा से सोमवार शाम 8:30 बजे ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने गई थीं। उन्होंने ईरिक्शे को बांकेबिहारी पुलिस चौकी के पास गली पर खड़ा करा दिया और दर्शन करने के लिए चलीं गईं। रास्ता अवरुद्ध होने के कारण पुलिस ईरिक्शा को वहां से हटवाने लगी।
इस पर ईरिक्शा चालक और सिपाहियों की बीच विवाद हो गया। इसी बीच साध्वी मालतीदेवी मंदिर से लौट आईं। उन्होंने भी इसका विरोध किया। बातों ही बातों में पुलिस और मालतीदेवी के बीच तड़का भड़की हो गई। मालती देवी का आरोप है कि पुलिस ईरिक्शा चालक को पीट रही थी। पुलिस ने मामले को टालना चाहा लेकिन मालती देवी नहीं मानी।
आरोप है कि मालती देवी चौकी के अंदर गईं और खाना खा रहे चौकी इंचार्ज संजय शुक्ला के साथ मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालती देवी ने चौकी इंचार्ज को तीन-चार थप्पड़ जड़ दिए। यह देख बांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा में लगीं महिला गार्ड को बुलाया गया और साध्वी को हिरासत में लेकर पुलिस की गाड़ी में बैठाया। पुलिस साध्वी को पकड़कर कोतवाली ले आई। चौकी इंचार्ज संजय शुक्ला ने साध्वी मालतीदेवी के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी है।