तमकुहीरोड/सेवरही। गांधीनगर मोहल्ले में रविवार की मध्य रात आग लग जाने से नौ लोगों की झोपड़ियां जल गईं। घरों में रखे सभी सामान भी जल गए। एक युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया। करीब दो घंटे तक वहां अफरातफरी मची रही।
मोहल्ले में पानी की टंकी के पास स्थित फूस की झोपड़ी में आधी रात को आग लग गई। इससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। उस समय घरों में सो रहे लोगों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। दरवाजे पर खड़े किए गए एक ट्रैक्टर को लोगों ने दूर धकेल कर खड़ा कर दिया।
आग की चपेट में आने से सगीर आलम नाम का युवक गंभीर रूप से झुलस गया। वह आग में घिरी भैंस को बचाने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने पर जब तक अगिभनशमन दस्ता पहुंचा, लोग आग बुझा चुके थे।
आग में मुस्तफा, महमूद, रहीम, मोहम्मद कैश, कईम, जयप्रकाश, महंत, महातम और सगीर आलम की झोपड़ियां जल गईं। इसमें जनरेटर, एक पंपिंग सेट, साइकिल, गुमटी और एक घर में रखे 30 हजार नकद, जेवर, बर्तन, कपडे़, अनाज तक जल गए।
सोमवार को सुबह क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक डॉ. पीके राय, बसपा नेता विजय राय, राजेंद्र प्रसाद, पप्पू जायसवाल, देवचंद्र प्रसाद सहित कई लोगों ने अगिभनपीड़ितों का हाल जाना। हल्का लेखपाल सुरेश शर्मा ने क्षति का जायजा लिया।