रिफाइनरी से जालंधर के लिए विमान ईंधन की आपूर्ति के लिए पाइप लाइन में सेंध लगाने का प्रयास किया गया। पाइप लाइन के चौकीदार की सूचना पर मामला खुला और तेल चोरी न हो सकी। रिफाइनरी अधिकारियों ने बताया कि घटना छह मई की है।
मथुरा रिफाइनरी से जालंधर के लिए पाइप लाइन से पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति की जाती है। वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के गांव चौमुंहा के निकट रामादेवी गार्डन कालोनी से ये पाइप लाइन जा रही है। तेल चोरों ने पाइप लाइन में सेंध का प्रयास किया।
लाइन के ऊपर गड्ढा खोदकर पाइप लाइन के किमी संख्या 29.305 पर क्लैंप लगाकर वाल्व फिट कर दिया। पाइप लाइन में सूराख भी कर दिया। हालांकि तेल चोरी नहीं कर पाए। पाइप लाइन की सुरक्षा में लगे चौकीदार ने लाइन किनारे पर गड्ढा देखकर अधिकारियों को सूचना दी और मामला पकड़ा गया। इस पाइप लाइन से डिमांड पर एयरवेज कंपनियाें को एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) की आपूर्ति की जाती है।
सूचना पर इंडियन आयल कारपोरेशन उत्तरी क्षेत्र के टीएंडआई प्रबंधक विरेन्द्र कुमार, मथुरा-जालंधर पाइप लाइन के वरिष्ठ इंजीनियर टीएंडआई अभिनव मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। मामले में वृंदावन पुलिस को तहरीर दी गई है।
जालंधर को जा रही हैं तीन पाइप लाइन
मथुरा रिफाइनरी से जालंधर के लिए भूमिगत तीन पाइप लाइन जा रही हैं। इनमें डीजल, पेट्रोल और केरोसिन को जालंधर भेजा जाता है। डिमांड के आधार पर केरोसिन वाली लाइन की हवा से वैक्यूम क्लीनिंग कराकर विमान ईंधन भेजा जाता है। जिस लाइन में इन दिनों सैंध लगाई गई उन दिनों विमान ईंधन भेजे जाने का टर्न चल रहा था।
रिफाइनरी अधिकारियों की ओर से कमजोर पैरवी
रिफाइनरी अधिकारियों की ओर से कमजोर पैरवी और रिपोर्ट में नामजदगी न कराने को लेकर क्रू ड ऑयल चोरी के आरोप में जेल गए भुड़रसू के छ्दिदी की आठ मई को जमानत मंजूर कर ली गई।
चार अप्रैल को थाना फरह के गांव मॉल के जंगल में तेल चोरों ने गुजरात सलाया की कच्चे तेल की पाइप लाइन में सेंध लगाकर करोड़ों का तेल चोरी कर लिया था। इसमें रिफाइनरी अधिकारी सुमन टट्टू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरह पुलिस ने गांव भुड़रसू निवासी छ्द्दिी को जेल भेजा था।