बीपीसीएल के प्रबंधक की गाड़ी पर गुरुवार की रात को कार सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली उनकी गाड़ी पहिये में लगी। वह खुद ही अपनी कार को ड्राइव करके आगरा जा रहे थे।
आशीष गुप्ता बीपीसीएल में इंस्टालेशन प्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार की शाम सात बजे वो अपनी कार से आगरा के लिए निकले। हाईवे स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप उनकी कार पर स्विफ्ट कार सवारों ने फायरिंग की।
गनीमत रही कि गोली उनको न लगकर गाड़ी के पहिए में लगी। प्रबंधक के सूचना देने पर रिफायनरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि तब तक हमलावर भाग चुके थे।
प्रबंधक की तहरीर पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने गोवर्धन चौराहे (थाना हाईवे) और पिलुआ सादिकपुर (चौकी ओल) से चार लोगों को हिरासत में लिया है
काले तेल का कारोबारी पुलिस ने उठाया
पुलिस ने मामले में काला तेल के कारोबारी को उसके आफिस से हिरासत में लिया है। उसके साथ तीन दूसरे लोग भी पकड़े गए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी गिरफ्तारी नहीं दिखाई है लेकिन पूछताछ की जा रही है।
बताया जाता है कि पुलिस गिरफ्त में आए काले तेल के कारोबारी को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में काला तेल बरामद किया गया था। तेल कारोबारी की गिरफ्तारी से हड़कंप मच गया है।