महर्षि दयानंद अस्पताल में मसूड़े के ऑपरेशन के लिए दंत चिकित्सक द्वारा एक हजार रुपये लेने और कड़वे बोल बोलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामला सपा नेता मुहम्मद फारुक के भाई की पत्नी के आपरेशन का है। सपा नेता ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से की है।
सपा के पूर्व उपाध्यक्ष मुहम्मद फारुक के बड़े भाई इलियास अपनी पत्नी शायरा को लेकर महर्षि दयानंद अस्पताल आए। यहां उन्होंने दंत चिकित्सक राजेश श्रीवास्तव को दिखाया। डा. राजेश ने मसूड़ों के ऑपरेशन के लिए एक हजार रुपये की मांग की। इतना ही नहीं उनसे कड़वे बोल भी बोले गए।
मामला सपा नेता से जुड़ा होने के चलते शुक्रवार को अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया। मामला बिगड़ता देख मुख्य चिकित्सा अधीक्षक केपी गर्ग ने चिकित्सक को बुलाकर हकीकत जानी। मामला सही पाए जाने पर पीड़ित को धनराशि वापस दिलाई गई।
सपा नेता मुहम्मद फारुक ने बताया कि शासन ने एक रुपये के पर्चे पर पूरा इलाज मुफ्त कर रखा है, लेकिन ऐसे चिकित्सकों की वजह से सरकार भी बदनाम हो रही है। उन्होंने पूरे मामले से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन को अवगत कराते हुए पत्र लिखा है।
इस प्रकरण में हमने आरोपी चिकित्सक राजेश श्रीवास्तव से स्पष्टीकरण मांगा था। स्पष्टीकरण प्राप्त हो गया है। हमने प्रशासनिक कार्रवाई के लिए शासन को लिखा है।
- केपी गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, महर्षि दयानंद अस्पताल मथुरा