जवाहरबाग हिंसा की जांच करने सीबीआई की 22 सद्स्यी टीम बुधवार मथुरा पहुंची। टीम के अफसरों ने उन 22 अफसरों से पूछताछ की जो बवाल के वक्त यहां तैनात थे। पूछताछ के बाद सीबीआई टीम उन्हें जवाहरबाग भी ले गई और हिंसा से जुड़ी हर जगह का नक्शा तैयार किया।
बुधवार सुबह को ही सीबीआई अफसरों की टीम मथुरा पहुंच गई थी। सीबीआई ने जवाहरबाग हिंसा के दौरान मथुरा में तैनात रहे पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को नोटिस जारी करके बुला लिया था, इन सभी से पूछताछ की गई। इन अफसरों को लेकर टीम जवाहरबाग में भी पहुंची।
यहां अफसरों से एक-एक बिंदु पर जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों से भी यह पूछा गया कि जब एसपी सिटी पर भीड़ ने हमला किया था तो बाकी अधिकारी कहां थे। भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश क्यों नहीं की गई। सीबीआई अफसरों ने कई ऐसे सवाल भी पूछे जिनका जवाब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नहीं दे पा रहे थे। सीबीआई जिस तरह से जांच प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है उससे अफसरों में हड़कंप मचा रहा।
यह सवाल पूछे गए
- जवाहरबाग में किस जगह से दाखिल हुई थी फोर्स
- एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी पर किस जगह हमला हुआ
- हमले के वक्त उनके साथ कौन-कौन अधिकारी थे
- भीड़ को कंट्रोल करने के लिए क्या किया गया
- भीड़ ने किस स्थान से पुलिस पर फायरिंग की थी
- पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में कहां से गोली चलाई थी
- किस स्थान पर तंबू गढ़े थे जिनमें आग लग गई थी
- पुलिस ने किस स्थान से कब्जाधारियों को बाहर निकाला
केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी पहुंची
सीबीआई के साथ केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी पहुंची। एक्सपर्ट की टीम ने एक-एक प्वाइंट का निरीक्षण किया। केंद्रीय टीम ने वह वाहन भी देखे जो हिंसा के बाद जवाहरबाग से बरामद किए थे।