छाता कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर शनिवार रात नौ बजे बोलेरो सवार बदमाशों ने दिल्ली के युवक को गोली मारकर स्विफ्ट डिजायर कार लूट ली। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने केडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
नई दिल्ली आजादपुर निवासी युवक हेमंत पुत्र नत्थू सिंह दो साथियों के साथ कार द्वारा मथुरा आ रहे थे। शनिवार रात नौ बजे हाईवे पर छाता कोतवाली क्षेत्र में बजाज इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के निकट पीछे से आए बदमाशों ने ओवरटेक कर गाड़ी रुकवा ली और रुकते ही गाड़ी लूटने लगे।
विरोध करने पर पिटाई की और चाबी छीनने लगे। हेमंत ने चाबी नहीं दी तो उसे गोली मार दी। गोली हेमंत के हाथ में लगी। इसके बाद बदमाश कार लूटकर भाग गए।
कंट्रोल रूप पर दी सूचना के बाद एसएसपी डा. राकेश सिंह, छाता पुलिस, सीओ छाता पीयूष कुमार सिंह पहुंच गए और घायल को केडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। साथ ही पुलिस ने वाहनों की चेकिंग कराई, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं मिल सका।