मथुरा। वृंदावन रोड स्थित जयसिंहपुरा में शुक्रवार रात डीजे पर डांस को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया। इसमें दूल्हे के भाई सहित चार-पांच लोगों को लाठी-डंडों के प्रहार से घायल कर दिया और सुबह बारात विदा होने को लेकर भी हंगामा किया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारात को विदा कराया।
थाना गोविंदनगर के जयसिंहपुरा स्पंदन हॉस्पिटल के सामने वाली गली में रहने वाले रूप सिंह की बेटी की शनिवार को फतेहपुर सीकरी से बारात आई थी, इसमें बाराती डीजे पर नाच रहे थे। पड़ोस में रहने वाले लोग हमलावर हो गए और दूल्हे शिव सिंह पुत्र हुकम सिंह के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उनके भाई जितेंद्र कुमार, दुल्हन के पिता रूप सिंह, मां नीरस देवी, बहू पिंकी और रिश्तेदार विवेक को लाठी-डंडों के प्रहार से घायल कर दिया, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
जिला अस्पताल में पीड़ितों ने बताया कि पड़ोस में ही रहने वाले छोटू कर्दम के चार बेटों ने कुछ पड़ोसियों के साथ मिलकर शादी समारोह के वक्त हंगामा काटा और रात में मारपीट के बाद भी वह शांत नहीं हुए। सुबह जब बारात लौट रही थी, तब दो-तीन दर्जन समर्थकों के साथ रॉड व लाठी डंडे लेकर बारात को जाने से रोकने लगे। इस पर पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हमलावरों को खदेड़ कर बारात को विदा कराया। सभी घायलाें को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।