मथुरा। 25 सितंबर को गरीब मेले में शामिल होने सांगीपुर गईं प्रतापगढ़ की विधायक तथा कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना और पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी और उनके समर्थकों पर प्रदेश सरकार द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के विरोध में मंगलवार को जनपदभर के कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया। कचहरी स्थित पेट्रोल पंप पर पहले कांग्रेसजन एकत्रित हुए औ नारेबाजी की। जिसके बाद डीएम को पास गए और राज्यपाल को संबोधित डीएम को ज्ञापन दिया।
पूर्व विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर ने बताया कि 25 सितंबर को विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा मोना व पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा लगाए जा रहे गरीब मेला में शामिल होने गए थे। इस दौरान उन पर मुकदमा दर्ज किया जाना तानाशाहीपूर्ण है। प्रदेश सरकार गरीब मेला लगाकर जनता को मूर्ख बनाना चाहती है। जबकि सच्चाई है कि प्रदेश सरकार के अनीतिपूर्ण कार्यों से गरीब खून के आंसू पी रहा है।
जिलाध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा एडवोकेट ने बताया कि कांग्रेस के दोनों नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया जाना हिटलरशाही रवैया है ताकि कोई भी प्रदेश सरकार के गरीब मेलों की पोल नहीं खोल सके। शहर अध्यक्ष एमएम शर्मा ने बताया कि अब समय आ गया है जब प्रदेश की जनता को सड़क पर उतर कर कांग्रेस का साथ देना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश सचिव मुकेश धनगर, राजेंद्र शर्मा, सिम्मी प्रखर चतुर्वेदी, बेगम श्याम बिहारी पालीवाल, पार्षद चौधरी तिलक वीर सिंह, भारत जैन, महेश महावर, अनुराधा वशिष्ठ आदि शामिल रहे।