मथुरा। भारी भरकम पुलिस फोर्स के बाद भी चोर अपने फन को दिखाकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। शहर के भूतेश्वर तिराहे के पास खड़ी स्कार्पियो का दिनदहाड़े शीशा तोड़कर चोर एक बैग को उड़ा ले गए। बैग में दो लाख रुपये की डीडी और जरूरी कागजात थे। सूचना पर पहुंची कृष्णानगर पुलिस ने जानकारी जुटाई।
थाना बरसाना के गांव सहार निवासी रमीज अली केएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में एडमिशन के लिए घर से निकला। भूतेश्वर तिराहे के पास रॉयल पैलेस होटल के पास गली में मामा के घर तक गया। बाहर ही अपनी स्कार्पियो खड़ी करके चला गया। लौटकर आकर देखा तो ड्राइवर साइड के पीछे का शीशा टूटा पड़ा है और उसमें एक बैग गायब है।
सूचना पर पहुंची कृष्णानगर पुलिस ने केवल कोरम पूरा किया। रमीज अली ने बताया कि बैग में दो लाख रुपये की डीडी और जरूरी कागजात थे। अब सवाल खड़ा होता है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पुलिस कितनी सतर्क है। शहर के मुख्य तिराहे के पास से दिनदहाड़े शीशा तोड़कर बैग चोरी हो जाना कृष्णानगर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।