मथुरा। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ठा. मदन गोपाल और पूर्व सचिव गोपाल गौतम आई को आगरा उप निबंधक सोसाइटीज एवं चिट्स ने 1.87 करोड़ के गबन के आरोप में क्लीन चिट दी है। बार एसोसिएशन ने आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए इधर-उधर से नए-नए आदेश लेकर आने की बात कही है।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ठा. मदन गोपाल और पूर्व सचिव गोपाल गौतम आई ने बताया कि बार की नई कार्यकारिणी बनते ही अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और सचिव शिव कुमार लवानियां ने 1.87 करोड़ रुपये का गबन का आरोप लगा दिया। उनके खिलाफ सदर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। जांच के लिए उन्होंने उप निबंधक फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स आगरा को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की।
उप निबंधक कार्यालय ने जांच की जिम्मेदारी सीए अंकुर कुमार अग्रवाल को दी। सीए ने एक अक्तूबर 2023 से 31 अक्तूबर 2024 तक की संस्था की बैलेस शीटों का ऑडिट किया। ऑडिट में उन्हें कोई वित्तीय अनियमितता नहीं मिली। उन्होंने अपनी रिपोर्ट उप निबंधक आगरा विपुल कुमार सिंह को सौंप दी। विपुल कुमार ने बार अध्यक्ष व सचिव को जांच की प्रतिलिपि भेजी है।
इधर, बार के सचिव शिव कुमार लवानियां ने बताया कि चिटफंड सोसाइटी ने जिस सीए को जांच की जिम्मेदारी सौंपी उन्होंने केवल आय-व्यय के ब्योरे की जांच की है। जबकि सत्यता यह है कि पूर्व अध्यक्ष और सचिव ने फर्जी बिल और वाउचर तैयार करके दाखिल किए, चैंबर बेचे, वोटर लिस्ट में नाम बढ़ाने के लिए अधिवक्ताओं से वसूली की आदि। पुलिस जांच में भी आरोप सही पाए गए हैं। पुलिस मुकदमे में जल्द ही चार्जशीट लगाएगी।