मथुरा। गर्मी में बिजली न मिलने से आर्मी गार्डन और चंद्रलोक कॉलोनी के लोग बेचैन हो गए। रविवार देर रात २ बजे गई बिजली सोमवार सुबह १० बजे आई तो लोगों ने राहत की सांस ली। ८ घंटे बिजली न मिलने से रातभर लोगों की रात करवटें बदलते रहे। ट्रांसफॉर्मर पर लगा केबल बॉक्स फुंकने के कारण लोगों को इस समस्या को झेलना पड़ा।
कृष्णानगर बिजलीघर से आर्मी गार्डन और चंद्रलोक कॉलोनी को बिजली सप्लाई होती है। चंद्रलोक कॉलोनी में लगा २५० केवी ट्रांसफार्मर का बॉक्स देर रात फुंक गया। इससे दोनों कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। गर्मी में बिजली न मिलने से लोग बेचैन हो गए। हर कोई बिजलीघर फोन करके बिजली आने की जानकारी करता रहा। लेकिन कोई सही जवाब नहीं मिला। रातभर बिजली न आने से लोग सो नहीं सके। सुबह १० बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
बिजली पर भारी पड़ने लगी है गर्मी
मथुरा। बिजली पर गर्मी भारी पड़ने लगी है। कहीं केबल बॉक्स फुंकने से लोगों को बिजली न मिलने पर परेशानी झेलनी पड़ रही है तो कहीं विद्युत लाइन में हो रहे फॉल्ट लोगों को बेचैन कर रहे हैं। शहर में छह घंटे तो देहात में आठ से नौ घंटे बिजली न मिलने से लोग भी परेशान हो उठे हैं। बेवजह की कटौती ने लोगों का जीना मुहाल करके रख दिया है। हर कोई विद्युत निगम के बेपरवाह हो चुके अफसरों की कार्यप्रणाली को कोस रहा है।
गर्मी से ट्रांसफार्मर में लगा केबल बॉक्स फुंका
चंद्रलोक कॉलोनी के ट्रांसफार्मर में लगा केबल बॉक्स फुंकने से दो कॉलोनियों की बिजली बाधित रही। सुबह बॉक्स को बदलकर आपूर्ति को सुचारु कर दिया गया है।
-आनंद प्रकाश शुक्ला, एसई शहरी खंड