फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura: 35.2 टन गैस से भरा टैंकर बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ा, ट्रेलर से टक्कर होते-होते बची; टला बड़ा हादसा

Wed, 12 Aug 2026 02:20 PM IST
Dhirendra Singh संवाद न्यूज एजेंसी, भरतपुर

सार

भरतपुर के केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के सामने 35.2 टन गैस से भरा टैंकर अचानक ब्रेक लगाने वाले ट्रेलर से टकराने से बचने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ गया। चालक की सूझबूझ से टक्कर और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

 
विज्ञापन
टैंकर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मथुरा गेट थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के सामने बुधवार दोपहर 35.2 टन गैस से भरे टैंकर के ट्रेलर से टकराने का खतरा टल गया। सिग्नल पर आगे चल रहे ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने पर टैंकर चालक ने टक्कर से बचने के लिए वाहन को दाईं ओर मोड़ दिया। टैंकर डिवाइडर पर चढ़ गया, लेकिन ट्रेलर से टक्कर होने से बच गई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन


टैंकर चालक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वह कांडला से गैस लेकर भरतपुर होते हुए फर्रुखाबाद की ओर जा रहा था। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के सामने सिग्नल पर पहुंचने के दौरान बत्ती हरी थी। अचानक बत्ती पीली हुई और आगे चल रहे ट्रेलर ने ब्रेक लगा दिए। धर्मेंद्र ने भी टैंकर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भारी वाहन समय रहते नहीं रुक सका। सामने ट्रेलर और पीछे अन्य वाहनों की मौजूदगी के कारण सीधे ब्रेक लगाने पर टक्कर की आशंका थी।

स्थिति को बिगड़ते देख चालक ने टैंकर को दाईं ओर मोड़ दिया और वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। इससे टैंकर ट्रेलर से टकराने से बच गया। टैंकर में 35,200 किलोग्राम यानी 35.2 टन गैस भरी हुई थी। ऐसे में टक्कर या टैंकर के पलटने की स्थिति गंभीर हो सकती थी। चालक के मुताबिक उस समय उसका सबसे बड़ा प्रयास टैंकर को सामने चल रहे वाहन से भिड़ने से रोकना था। समय रहते दिशा बदलने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन


मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल ने बताया कि घटना करीब सवा 12 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। टैंकर को डिवाइडर से हटाकर सड़क किनारे कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य किया गया। पुलिस के अनुसार टैंकर कांडला से भरतपुर की ओर आ रहा था। सिग्नल पर आगे चल रहे ट्रेलर को बचाने के प्रयास में चालक ने टैंकर को दाईं ओर मोड़ा था। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के सामने यह मार्ग लगातार वाहनों की आवाजाही वाला है। ऐसे में गैस से भरे टैंकर की किसी वाहन से टक्कर होने या उसके पलटने पर स्थिति गंभीर हो सकती थी। हालांकि चालक की सतर्कता से टैंकर डिवाइडर पर चढ़कर रुक गया और बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें