किसी के प्यार में कोई इस कदर तक भी पागल हो सकता है कि जिन्होंने उसे जन्म दिया और बरसों पाला पोसा, वहीं अब उनकी दुश्मन बन गई है। मामला, यूपी के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर कस्बे का है।
यहां बड़े भाई के शादीशुदा साले से शादी की जिद पर अड़ी युवती ने परिजनों को प्रेमी से शादी नहीं करने पर जहर देकर मारने की धमकी दी है। युवती की धमकी से घबराए परिजनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसके बेटे की शादी 5 दिसंबर 2012 को मुजफ्फरनगर में हुई थी। शादी के बाद पुत्र के शादीशुदा साले का घर पर आना शुरू हो गया।
इस दौरान साले के उसकी पुत्री के साथ प्रेम संबंध बन गए। करीब बीस दिन पहले साला घर पर आया था। आरोप है कि युवती ने साले के साथ मिलकर सभी परिजनों को रात में नींद की गोली देकर बेहोश कर दिया था।
इसका पता उन्हें सुबह देर से उठने और सिर दर्द होने पर चला। उधर, प्रेम संबंधों का खुलासा होने पर परिजनों ने युवती को समझाने की कोशिश की।
लेकिन युवती ने उसके प्रेमी के साथ शादी नहीं करने पर परिजनों को जहर देकर मारने की धमकी दे डाली। युवती की धमकी से घबराया पिता थाने पहुंचा और पुलिस से परिजनों की सुरक्षा के लिए गुहार लगाई। एसओ ने बताया कि युवती से पूछताछ की जाएगी।