परिवार सहित भूख हड़ताल पर बैठे
- फोटो : अमर उजाला
न्याय न मिलने तक तिकोनिया पार्क में क्रमिक अनशन पर बैठे पूर्व सैनिक ने परिवार के साथ सोमवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी है। भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व सैनिक राजबाबू और करनसिंह ने कहा है कि जब उन्हें न्याय नहीं मिलता। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती वे भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे।
दो दिन से तिकोनिया पार्क में परिवार समेत क्रमिक अनशन पर बैठे पूर्व सैनिक करन सिंह और राजबाबू ने न्याय न मिलने पर सोमवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। दोनों ही पूर्व सैनिकों की भूमि और मकान पर भू-माफिया कब्जा जमाए हुए हैं। कई बार अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी अभी तक आरोपी भू-माफिया के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। न्याय न मिलने की दशा में अब पूर्व सैनिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। पूर्व सैनिक राजबाबू का कहना है कि 2015 में भोगांव निवासी भू-माफिया ने उनके मकान को जेसीबी से ढहाकर कब्जा कर लिया। रास्ता बंद करने के लिए वहां भगवान बुद्ध की प्रतिमा लगा दी। इसकी शिकायत जब थाने में की तो यहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
पूर्व सैनिक करन सिंह ने बताया कि राजबाबू की तरह ही भू-माफिया ने उनकी जमीन पर भी कब्जा कर विद्यालय का निर्माण कर लिया। तेरह लाख की विधायक निधि भी हड़प कर गया। मगर सत्तासीन पार्टी के एक नेता के दबाव में पुलिस ने भू-माफिया के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें मकान व भूमि पर कब्जा नहीं दिलाता वे भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे।