उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में युवक को प्रधान ने फोन करके बुलाया। पहुंचने पर उसे साथियों से कार में डलवा लिया। आलीपुर खेड़ा ले जाकर लाठी और बेल्ट से बेरहमी से पिटवाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रधान व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
घटना भोगांव थाना क्षेत्र के जगतपुरा गांव की है। गांव निवासी हरेंद्र ने बताया कि सोमवार की दोपहर भाई अरुण कुमार उर्फ सुमित को ग्राम प्रधान नाका अवनीश ने फोन कर छाछा बुलाया था। प्रधान का फोन आने के बाद भाई छाछा चला गया। वहां प्रधान अवनीश ने साथियों की मदद से भाई को जबरदस्ती कार में डाल लिया। उसे अगवा कर आलीपुर खेड़ा ले गए।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
वहां पर गाली-गलौज करते हुए लाठी डंडा और बेल्ट से पीटा। भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। प्रभारी निरीक्षक गगन कुमार गौड़ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।