नगर के मोहल्ला सोतियाना में दो दिन से बिजली नहीं आने से लोगों का आक्रोश भड़क गया। मंगलवार को देवी रोड पर लोगों ने सड़क पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
मोहल्ला सोतियाना की बिजली दो दिन से बाधित है। लोग पानी के लिए भी परेशान हैं। टूटे तार सही कराने के लिए कई बार प्रयास करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। मंगलवार को मोहल्ले के लोग देवी रोड पर दुर्गा मंदिर के सामने एकत्रित हो गए। सड़क के बीच अवरोध डालकर जाम लगा दिया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। यातायात बाधित होने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों का कहना था कि दो दिन से वह जेई और कर्मचारियों से शिकायत कर रहे हैं मगर उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। बिजली न आने से वह पानी के लिए भी परेशान हैं। कर्मचारी और अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। दो घंटे तक चले जाम को पुलिस ने समझा बुझाकर खुलवा दिया। इस मौके पर बिक्की, गौरव, शिवम, निशू, इस्लाम, अरुण, पवन, करन बाबू, कुलदीप, पप्पू, आबिद, राशिद, आजम आदि मौजूद थे। जेई असलम का कहना है कि केबिल उपलब्ध नहीं है। केबिल मंगाकर लाइन सही करा दी जाएगी।