फोटो 11 मैनपुरी डिपो के स्टैंड पर खड़ी रोडवेज बसें। संवाद
मैनपुरी। प्राइवेट वाहनों की तर्ज पर रोडवेज बसों की बुकिंग भी कराई जा सकेगी। परिवहन निगम की ओर से बस बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाया है। अब लोग यात्रा से महज एक सप्ताह पहले निर्धारित किराया देकर बुकिंग करा सकते हैं। पहले इसके लिए एक महीने पहले आवेदन करना पड़ता था।परिवहन निगम ने आमदनी बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए रोडवेज बसों का निजी बसों के तौर पर इस्तेमाल को बढ़ावा देने की योजना बनाई है। इसके लिए निगम की ओर से रोेडवेज बसों की बुकिंग शुरू कर दी हैं। अभी तक रोडवेज बस की बुकिंग के लिए एक महीने पहले आवेदन करना पड़ता था। लेकिन अब यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बुकिंग अवधि को कम करके एक सप्ताह कर दिया गया है। इसके लिए एआरएम कार्यालय में प्रार्थना पत्र देना होगा।
24 घंटे के लिए बस की बुकिंग की जा सकेगी। इसके लिए 400 किमी आना-जाना निर्धारित किया गया है। बुकिंग कराने वालों को 400 किमी की यात्रा के लिए 27808 रुपये जमा करने होंगे। 400 किमी के अतिरिक्त बस चलने की स्थिति में 69.52 रुपये प्रति किमी की दर निर्धारित की गई है। एआरएम संजीव कुमार ने बताया कि रोडवेज बस की बुकिंग यात्रा का समय एक महीने के स्थान पर एक सप्ताह पहले कराने की सुविधा दी गई है।