फोटो 39 देवी रोड उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली मरम्मत कार्य करते कर्मी। स्रोत निगम
मैनपुरी। बुधवार को हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से तो राहत दी, लेकिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। बारिश के दौरान सुरक्षा कारणों से कई उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति एक से डेढ़ घंटे तक बाधित रही, वहीं विभिन्न फीडरों पर तकनीकी खराबी और लाइन फॉल्ट के चलते कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही।
बार-बार बिजली बाधित होने से आम जनजीवन के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दैनिक कार्यों पर भी गहरा असर पड़ा। घरों में पंखे, कूलर, और अन्य उपकरण बंद रहे। वहीं, बाजारों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। विद्युत विभाग की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर टीमों ने खराबी को ठीक किया और देर शाम तक अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई। हालांकि, इस तरह की बार-बार होने वाली बिजली कटौती उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
इन इलाकों में घंटों बिजली गुल:
ताल दरवाजा फीडर: सिविल लाइन उपकेंद्र से जुड़े ताल दरवाजा फीडर की वीसीबी मशीन में खराबी आने से सुबह करीब 10:30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तकनीकी कर्मचारियों ने कई घंटे तक मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद दोपहर तीन बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इस लगभग तीन घंटे की कटौती से क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगरिया फीडर: नगरिया फीडर पर 33 केवी आपूर्ति फेल होने से भी बिजली सप्लाई प्रभावित रही।
परौख फीडर: ज्योंती रोड उपकेंद्र के परौख फीडर पर वीसीबी मशीन में खराबी के कारण करीब एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
करहल रोड उपकेंद्र: तेज बारिश के चलते करहल रोड उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति भी सुरक्षा कारणों से लगभग एक घंटे तक बंद रखी गई।
रेलवे स्टेशन के पास: पावर हाउस उपकेंद्र क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास 11 हजार वोल्ट लाइन में फॉल्ट आने से करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।