दुकान पर माल सप्लाई करने जा रहे मोहल्ला कटरा निवासी सेल्समैन से तीन युवकों ने मारपीट कर नकदी लूट ली। शोर शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने भाग रहे दो युवकों को दबोच लिया। पिटाई करने के बाद सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित ने तहरीर दी।
मोहल्ला कटरा निवासी मनोज कुमार रविवार को दुकानों पर परचून का माल सप्लाई का काम करता है। साइकिल पर माल लादकर कलक्ट्रेट से जेल तिराहा पर जा रहा था। तभी वहां मौजूद तीन युवकों ने साइकिल को रोक लिया। उसके साथ मारपीट करते हुए जेब में रखी करीब एक हजार से अधिक की नकदी लूट ली। शोर शराबा सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग वहां एकत्रित हो गए। भाग रहे दो युवक सौरभ और प्रदीप निवासी आजाद नगर को दबोचने के बाद जमकर पिटाई कर दी। उनके पास से लूटे गए 410 रुपये बरामद हुए। वहीं बाकी रुपये साथी लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने सेल्समैन से जानकारी जुटाने के बाद युवकों को थाने ले आए।