नेग में बड़ी रकम न मिलने पर मंगलामुखियों ने शुक्रवार को क्रिश्चियन तिराहा के समीप एक दुकान पर एक घंटा तक हंगामा काटा। साथ ही अभद्रता की। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई।
क्रिश्चियन तिराहा पर श्रीगुरु की कपड़े की दुकान है। छह अप्रैल को उनके बड़े बेटे रामकृष्ण की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। इसका नेग लेने के लिए शुक्रवार की दोपहर मंगलामुखी पहुंचे। नेग के नाम पर 11 हजार रुपये मांगने लगे। मना करने पर मंगलामुखी नाराज हो गए और गाली-गलौज और धमकी देने लगे। करीब एक घंटा तक दुकान पर मंगलामुखियों ने हंगामा काटा। इस दौरान चौराहा पर खडे़ दो पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया मगर मंगलामुखियों ने किसी की एक न सुनी। करीब एक घंटा तक हंगामा करने के बाद वह 11 सौ रुपये लेकर चले गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दुकान स्वामी से घटना के बारे में जानकारी की। शहर कोतवाल ने बताया कि नेग के नाम पर अभद्रता और वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।