उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में भाजपा ने नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए पूर्व चेयरमैन और बृज क्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता की पत्नी संगीता गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। नगर पंचायत बेवर और कुरावली में निवर्तमान चेयरमैन के पतियों को टिकट दी गई है। सात नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर नए चेहरों पर भाजपा ने दाव लगाया है। भाजपा की सूची जारी होते ही दावेदारों के नामों पर चल रहा अटकलों का दौर समाप्त हो गया है।
नगरपलिका अध्यक्ष पद के लिए रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने प्रत्याशी की घोषणा कर दी। भाजपा ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष पूर्व चेयरमैन आलोक गुप्ता की पत्नी संगीता के नाम की घोषणा की। नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए आलोक गुप्ता और नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता के बीच रस्साकशी चल रही थी।
भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य ने रविवार की शाम नगर पंचायत के चेयरमैन प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। नगर पंचायत बेवर में निवर्तमान चेयरमैन सुनीति भाटिया के पति सरितकांत भाटिया और नगर पंचायत कुरावली में निवर्तमान चेयरमैन संगीता वर्मा के पति धर्मेंद्र वर्मा धम्मा को प्रत्याशी बनाया है। नगर पंचायत भोगांव में नए चेहरे आशीष तिवारी की पत्नी नेहा तिवारी को चेयरमैन प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने जीत का दांव लगाया है।
चेयरमैन पद के लिए नगर पंचायत कुसमरा में योगेंद्र सिंह सिसौदिया की पत्नी गायत्री देवी सिसौदिया, नगर पंचायत किशनी में घासीराम की पत्नी रीता देवी को प्रत्याशी बनाया है। घिरोर में आरएसएस से जुड़े नए चेहरे यतेंद्र जैन, नगर पंचायत ज्योंति खुड़िया में महेश दिवाकर की पत्नी लक्ष्मी देवी तथा नगर पंचायत बरनाहल में योगेंद्र गुप्ता की पत्नी शशि गुप्ता को चेयरमैन पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया है।
नगर पंचायत भोगांव, कुसमरा और करहल में कई मजबूत दावेदारों को झटका लगा है। भोगांव और करहल नगर पंचायत में दो पूर्व चेयरमैनों ने दावेदारी की थी। उनके नाम तेजी से चले थे। कुसमरा में एक युवा नेता का नाम चर्चाओं में था। तीनों दावेदारों को पार्टी के कई बड़े नेताओं का खास माना जाता था। नगर पंचायत चेयरमैन पद के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद भाजपा की जातीय संतुलन साधने की रणनीति साफ हो गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि संगठन ने जो भी निर्णय किया है, सभी उसका स्वागत करते हैं। पूरी पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार-प्रसार करेंगे। भाजपा सभी निकायों में जीत दर्ज करेगी।