महोबा। झमाझम बारिश के बीच बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई जबकि दो लोग झुलस गए। वहीं एक पशुपालक की तीन बकरियां भी मर गईं। कस्बा बेलाताल के मुख्य मार्ग में आंधी-बारिश से पेड़ गिरने से घंटों आवागमन बाधित रहा।
कोतवाली कुलपहाड़ के बिहार गांव निवासी देवकीनंदन की पत्नी आशा (35) खेत की रखवाली कर रही थी। दोपहर अचानक शुरू हुई बारिश से बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। तभी बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दूसरी घटना में ब्लाक जैतपुर के ननवारा गांव निवासी मलखान सिंह की पत्नी रामकुमारी (45) खेतों में बकरी चरा रही थी। बारिश से बचने के लिए वह बकरियां लेकर पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। तभी बिजली गिरने से तीन बकरियों मर गईं। वह रामकुमारी गंभीर रूप से झुलस गई। एक अन्य घटना में खेरा गांव निवासी इंद्रजीत (48) खेत पर भैंस चरा रहा था। तभी बिजली की चपेट में आने से झुलस गया।
कस्बा बेलाताल के मुख्य मार्ग में तेज आंधी के चलते सड़क पर पेड़ टूटकर गिरने से आवागमन ठप हो गया। देर शाम तक ग्रामीण पेड़ को हटाने में जुटे रहे। वहीं उपकारागार के बाहर खड़ा नीम का पेड़ फट गया।
आंधी और तेज बारिश होने से लाइन में खराबी आने से शहर के गांधी नगर, कूच वाली गली, भटीपुरा, मकनियापुरा, हवेली दरवाजा, बड़ी हाट, शेखू नगर समेत आधे शहर की बिजली गुल रही है, जो देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
महिला की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन- फोटो : MAHOBA
घटनास्थल की जांच करती पुलिस- फोटो : MAHOBA