जुझार गांव भूख हड़ताल पर बैठे किसान
- फोटो : MAHOBA
कबरई (महोबा)। विकासखंड कबरई के जुझार गांव में अन्ना मवेशियों से परेशान किसानों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। किसानों का कहना है कि जब तक पूरी तरह से अन्ना जानवरों को गोशालाओं में बंद नहीं कराया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों के अनुसार जुझार गांव में गोशाला संचालित है लेकिन आसपास के उटियां, रैपुरा खुर्द, बम्हौरी काजी आदि गांव में गोशालाओं का संचालन न होने से मवेशी दूसरे गांवों में पहुंच रहे हैं। अभी तक जुझार गांव के दो दर्जन किसानों की 500 बीघा में लगी उर्द-मूंग की फसल बर्बाद कर दी।
किसान नेता गुलाब सिंह राजपूत के नेतृत्व में हड़ताल पर बैठे मदनपाल राजपूत, दीना, संदीप तिवारी, हीरालाल राजपूत, सुघर सिंह आदि किसानों ने बताया कि फसलें बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
उधर बीडीओ सुथान अब्दुल्ला का कहना है कि उन्होंने सीडीओ के साथ जुझार गांव जाकर भूख हड़ताल पर बैठे किसानों से बातचीत है। गंज व जुझार की गोशालाओं का निरीक्षण किया गया। जहां गोशालाएं संचालित पाई गई। शेष गांवों की गोशालाओं के संचालन के लिए सचिव को लिखित व मौखिक आदेश दिए गए हैं।