कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे मृतक के परिजन
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के छानीखुर्द गांव में युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने पत्नी व साले पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छानीखुर्द गांव निवासी अमर सिंह (42) का शव मंगलवार को मकान के कमरे में फांसी पर लटकता मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार को मृतक के चाचा त्रिलोकी, मोहन और वंशीधर ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर सौंपी।
आरोप लगाया कि अमर सिंह की मौत से पहले उसकी पत्नी सती ने अपने ममेरे भाई को बुलाया। दोनों ने मिलकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसे फांसी पर लटका दिया। परिजनों ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी शशि कुमार पांडेय का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। मृतक के परिजनों के आरोपों की जांच कराई जाएगी। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अलावा हत्या के साक्ष्य सामने आते हैं तो दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।