विकासखंड चरखारी के पड़ोरा गांव में रोक के बावजूद खलिहान की जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य न रुकने से गांव में टकराव की स्थिति पैदा हो गई। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर निर्माण कार्य पर रोक लगाए जाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत पड़ोरा में खलिहान की जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण शुरू कराया गया। आरक्षित भूमि पर निर्माण कराए जाने की शिकायत पूर्व प्रधान राजकिशोर, दिनेश, नवल किशोर, आशीष आदि ग्रामीणों ने 29 जुलाई को जिलाधिकारी व चरखारी एसडीएम से शिकायत की थी। जिस पर एसडीएम चरखारी ने 25 अगस्त को निर्माण रुकवा दिया था लेकिन शनिवार से निर्माण शुरू हो गया। जिस पर ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर निर्माण कार्य रोके जाने की मांग की है। थाना प्रभारी अनूप कुमार दुबे ने बताया कि हल्का प्रभारी ने काम बंद कराकर उन्हें नोटिस तामील करा दिया है। एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि निर्माण रोकने का आदेश दिया गया था। फिर से कार्य शुरू करने की जानकारी नहीं है, यदि निर्देश की अवहेलना मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।