महोबा में पनवाड़ी के बुड़ेरा गांव में नदी के पास स्थित साईं बाबा मंदिर व प्राचीन चबूतरे से साईं बाबा की मूर्ति हटाकर रातोंरात मजार बनाकर हरे झंडे लगा दिए गए। इससे तनाव पैदा हो गया। एसडीएम कुलपहाड़ व थाना पनवाड़ी पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देेेते हुए मजार को अलग कराकर हरे झंडे हटवाए, तब ग्रामीण शांत हुए। हालांकि फोर्स तैनात है।
ग्राम पंचायत बुड़ेरा के मजरा सिमरिया में नदी के पास साईं बाबा मंदिर है। बुधवार की रात अराजकतत्वों ने यहां से साईं बाबा की मूर्ति हटाकर नदी किनारे झाड़ियों में फेंक दी। रातोंरात वहां मजार बना दी गई और हरे रंग के झंडे लगा दिए। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो आक्रोश पनप उठा।
कुछ देर में तमाम भक्त मंदिर स्थल पहुंच गए और तत्काल मजार हटवाकर मूर्ति की स्थापना कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही एसडीएम कुलपहाड़ स्वेता पांडेय, थानाध्यक्ष पनवाड़ी शिवआसरे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच की। तनाव को देखते हुए मंदिर के आसपास पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया।