महोबा। ग्राम बरात पहाड़ी में जनसुविधा केंद्र का ताला तोड़ कर चोर कंप्यूटर और अन्य मशीनों सहित करीब एक लाख की संपत्ति चोरी कर ले गए। पीड़ित ने सदर कोतवाली में चोरी वारदात की सूचना दी है।
कोतवाली क्षेत्र के बरात पहाड़ी गांव निवासी महेश कुमार प्रजापति गांव में सड़क किनारे स्थित मकान में जन सुविधा केंद्र का संचालन करके परिवार का भरण-पोषण करता है। प्रतिदिन की तरह महेश शाम को केंद्र में ताला लगाकर घर चला गया।
देर रात चोर केंद्र का ताला तोड़कर वहां रखी कंप्यूटर, प्रिंटर, फिंगर डिवाइस, इनवर्टर, लेमिनेशन मशीन, मोबाइल सर्विस सामग्री, 20 मोबाइल, 40 बैटरी और रखे चार्जर लीड सहित गोलक में रखे नकद पांच हजार रुपए ले गए।
सुबह जानकारी मिली केंद में पहुंचकर देखा तो करीब एक लाख से अधिक की सामग्री गायब थी। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है चोरी मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।