कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई के एक मोहल्ले में दुकान से लौट रही किशोरी से दबंगों ने छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर दबंगों ने किशोरी व उसके परिजनों को पीटकर घायल कर दिया। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शनिवार को पीड़ित परिवार ने एसपी की चौखट पहुंच न्याय की गुहार लगाई है।
एक मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय किशोरी शुक्रवार की शाम दुकान से सामान खरीदने गई थी। वापस लौटते समय दबंगों ने उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया। सूचना पर परिजनों के पहुंचने पर उनकी भी पिटाई कर दी। पीड़ित परिवार ने थाना कबरई पहुंच घटना की तहरीर सौंपी। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और थाने में स्वयं तहरीर लिखकर पिता का अंगूठा लगवा लिया। रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़ित ने शनिवार को एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि मारपीट की सूचना मिली है। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।