चरखारी (महोबा)। विधानसभा चुनाव का रविवार को जिले के 787 बूथों पर मतदान हुआ। महोबा व चरखारी विधानसभा में मॉडल बूथ, पिंक बूथ व सखी बूथ बनाए गए। जिन्हें आकर्षक ढंग से सजाने के साथ सेल्फी प्वाइंट की व्यवस्था की गई लेकिन अधिकांश बूथों में ड्यूटी पर तैनात जवानों ने मतदाताओं को मोबाइल अंदर नहीं ले जाने दिया। बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे प्रेक्षक से मतदाताओं ने शिकायत दर्ज कराई।
निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान को लेकर नामित प्रेक्षक टीएस राजशेखर ने मतदान के दौरान कई बूथों में पहुंच व्यवस्थाएं परखीं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चरखारी में बनाए गए सखी मॉडल बूथ का प्रेक्षक ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कार्मिकों से वोट प्रतिशत की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण कर बाहर निकले प्रेक्षक से मतदाताओं ने शिकायत दर्ज कराई कि अंदर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है लेकिन उन्हें मोबाइल अंदर नहीं ले जाने दिया गया। इस पर प्रेक्षक ने सेल्फी प्वाइंट बूथ के बाहर स्थापित कराने के निर्देश एसडीएम पीयूष जायसवाल को दिए।
उत्साह के साथ मतदान के बाद सेल्फी लेने की ख्वाहिश लेकर बूथ पहुंचे युवाओं को मायूसी हाथ लगी। युवा दिनेश, सुरेश, राजेंद्र आदि ने बताया कि उनके मोबाइल गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बाहर करा दिए। जिससे वह मतदान के बाद सेल्फी नहीं ले सके। यदि, मोबाइल ले जाने की अंदर अनुमति नहीं थी तो सेल्फी प्वाइंट बनाने की क्या जरूरत थी। हालांकि कुछ बूथों पर युवाओं ने मतदान के बाद बूथों पर बने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी ली।