पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी के एक मोहल्ले में महिला से छेड़खानी व विरोध करने पर परिजनों से मारपीट करने के मामले में न्यायालय ने ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
कस्बा के एक मोहल्ला निवासी महिला 14 नवंबर की सुबह आठ बजे गड्ढे में कूड़ा फेंकने गई थी। तभी ग्राम प्रधान संजय द्विवेदी ने गाली-गलौज कर दी। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर छेड़खानी की गई और परिजनों के बचाव करने आने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उलहना देने जाने पर ग्राम प्रधान ने अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुसकर मारपीट की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और न ही डॉक्टरी परीक्षण कराया। तब पीड़ित ने न्यायालय का सहारा लिया। सिविल जज सीनियर डिवीजन न्यायालय व अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने ग्राम प्रधान पनवाड़ी, उसके पिता रमेशचंद्र, भाई अजय व विजय समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। थानाध्यक्ष शिवआसरे का कहना है कि कोर्ट का आदेश मिल गया है। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।