कुलपहाड़ (महोबा)। बैंक खातों में आधार कार्ड लिंक कराने के नाम पर ग्राहकों से पैसा वसूला जा रहा है। जिससे ग्राहकों में आक्रोश पनप रहा है।
कस्बे की स्टेट बैंक द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधा केंद्र खोले गए हैं। इससे ग्राहकों को पॉश मशीन द्वारा घर बैठे 20 हजार रुपये तक का भुगतान देने का प्रावधान है, लेकिन यह सुविधा उन्हीं ग्राहकों को दी जा रही है, जिनका आधार कार्ड बैंक खातों से लिंक है। घर बैठे सुविधा लेने के लिए अब ग्राहक बैंकों में आधार कार्ड लिंक कराने के लिए पहुंच रहे हैं। बैंक कर्मचारी आधार लिंक करने के बजाय बाहर खुले साइबर कैफे या जनसेवा केंद्र भेज देते हैं। कैफे संचालक व जनसेवा केंद्र संचालक आधार कार्ड लिंक कराने के लिए एक एक ग्राहक से 100-100 रुपये वसूल रहे हैं।
इससे ग्राहकों में खासा आक्रोश है। कुलपहाड़ के कमालपुरा गांव के जगदीश, अमान सिंह मंगलवार को एसबीआई कुलपहाड़ आधार कार्ड लिंक कराने पहुुंचे। बैंक के गार्ड ने उन्हें बैंक के सामने खुले साइबर कैफे में भेज दिया। जहां पर उनसे 100 रुपये वसूले गए। आधार लिंक कराया गया। इसी तरह खाताधारक जगभान ने बताया कि वह मनरेगा में मजदूरी करता है। पैसा निकालने के लिए कुलपहाड़ आना पड़ता है। 10 किमी दूर आने के बजाय गांव में ही जन सुविधा केंद्र से पैसा निकालने के लिए उससे भी आधार कार्ड लिंक कराने के नाम पर 100 रुपये वसूले गए। उधर, बैंक के शाखा प्रबंधक गिरिजा शंकर शुक्ल का कहना है कि उनके पास शिकायत नहीं आई है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।