बेलाताल (महोबा)। मोहल्ला चौधराना में मंगलवार को एक युवक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मोहल्ले का जायजा लिया। 400 मीटर एरिया में बैरीकेडिंग कराकर मोहल्ले को सील कर दिया। साथ ही, आसपास के लोगों को घरों से न निकलने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गलियों में सैनेटाइज किया।
चौधराना में एक 30 वर्षीय युवक को मंगलवार को देर शाम आई कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच आसपास के लोगों की स्क्रीनिंग कर उन्हें घरों में रहने की सलाह दी। डीएम एके तिवारी, एसडीएम मोहम्मद उवैस ने मौके पर पहुंचकर मोहल्ले को चारों तरफ से बैरीकेडिंग कराकर सील कर दिया और पुलिस बल तैनात कर दिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को किसी भी मोहल्लेवासी को घर से न निकलने देने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन के निर्देश पर डॉ. पीके सिंह ने टीम बनाकर मोहल्ले के करीब छह सौ लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। थर्मल स्क्रीनिंग के लिए बनाई गई टीम में डॉ. आशुतोष सोनी, डॉ. प्रेमनारायण शर्मा, डॉ. अभिलाषा चौरसिया, फार्मासिस्ट अमित गंगेले, आंगनवाड़ी देवाबाई, एफएचडब्ल्यू संगीता पाठक, महेंद्र कुमार आदि स्वास्थ्य कर्मचारियों को शामिल किया गया है।