धरने को संबोधित करते मंच के ब्लॉक अध्यक्ष।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच के तत्वावधान में शिक्षक-कर्मचारियों ने गुरुवार को बीआरसी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। शिक्षकों ने पेंशन, भत्ते, नियुक्ति व आउटसोर्सिंग समेत 11 सूत्री मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिसमें समस्याओं का निस्तारण कराए जाने की मांग की।
धरने में जिलाध्यक्ष रमाकांत मिश्रा ने कहा कि राज्य के करीब 30 लाख कर्मचारी, शिक्षक, राज्यसेवा अधिकारी व पेंशनर्स एक अप्रैल 2005 से लागू नई अंशदायी पेंशन योजना के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और कार्मिक संगठनों की लंबित समस्याओं को लेकर आंदोलित है। मंच के ब्लाक अध्यक्ष भगत सिंह ने कहा कि मांगों का संतोषजनक निस्तारण न करने पर 30 नवंबर को राज्य स्तरीय रैली लखनऊ में होगी। जिसमें लाखों की संख्या में कर्मचारी, शिक्षक, पुरानी पेंशन बहाली व मांगों के समर्थन में सहभागिता देंगे।
धरना प्रदर्शन के बाद शिक्षक, कर्मचारियों व पेंशनरों ने डीएम मनोज कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांगों का निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। धरना प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में महासचिव सुलेमान खान, राज्य कर्मचारी पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष सुुनील शर्मा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अजय तिवारी, शिवभान, सबीहा खान, कुलदीप तिवारी, अशोक शुक्ला, दयाराम वर्मा, परमलाल, फूलवती आदि मौजूद रहे।