महोबा। घर लौट रही वृद्धा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में उपचार दौरान मौत हो गई। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में दंपती समेत 12 लोग घायल हुए हैं। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के थाना लवकुश नगर के गांव बम्हौरी निवासी बड़ी बहू (60) गुरुवार को थाना कबरई के मकरबई गांव में देवी चरण के यहां तेरहवीं संस्कार में गई थी। शुक्रवार को वह रोडवेज बस स्टैंड में उतरकर पैदल पुराने बस स्टैंड जाने लगी। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो टक्कर मारते हुए निकल गई। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहंा उसकी मौत हो गई। घटना से पुत्र राजू, रत्तू व नाती अमन, सविता और सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
थाना श्रीनगर के मुरानी गांव निवासी हरी सिंह बाइक से पत्नी विमलेश के साथ घर जा रह था। मवेशी को बचाने में बाइक फिसलने से दंपती घायल हो गए। वहीं गांधी नगर निवासी शंशिकांत व भरत बाइक से घर लौट रहे थे। तभी कीरत सागर के समीप महाराजा ढाबा के पास सामने से आ रहे दूसरी बाइक में सवार भटेवरा निवासी अनिल व पचपहरा निवासी बृजेश से भिड़ंत हो गई। जिससे चारों घायल हो गए। इसी तरह सिजहरी निवासी जयसिंह, गौरहारी निवासी पूजा, कोहनिया निवासी वंशगोपाल, भरवारा निवासी अरुण, करहराकलां निवासी बृजेंद्र व योगेश अन्य सड़क दुर्घटनाओं में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।